Monday, 25 May 2020

####ईदी####

####ईदी####
उस देसी आम के बगीचे में हर दरख़्त का अपना नाम था ये नाम उसे उस में लगने वाले फल के रंग रोगन और आकार के कारण मिला करता था। दरख़्तों पर बौर की खनक से कैसे पूरा कुनबा महक जाया करता था और जब कोयल की कूक की मिठास उन फलों में समाती तब फक़त बरसात की बूंदों के एक -एक कतरे का इंतजार मोल लेना पड़ता फिर  बेपरवाह परवाज लगाते  हवा के झोंकों को आवारा बादलों का स्नेहल स्पर्श जार -जार करता तब आम के पके फल बेजार होकर चू पड़ते। अरजुमंद के पास आज अपनी पांचवी माले की मंजिल से झांकती और मायूसी भरी आबोहवा के बीच यह तसव्वुर कितना अंकुरित सा लगता है। अरजुमंद को याद है कि बाबा अगर किसी को बगीचे में बांस की लंबी छड़ और उसमें एक छोटी खपच्ची जिसे तिरछा कर बांधने से  बे -पके आम का गला  घोंटने के लिए बनाई जाती थी देख लेते तो सब्र की कितनी आयतें  पढ़ा डालते।तब आयतों की लकीरें और उनके चेहरे की लकीरें साफ नज़र आतीं।

सहमे से आलम में अरजुमंद को अपने दो आयत वाले कमरों से निकलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है ,बाहर की आब हवा में शंका के सिवा कुछ भी नहीं है। आप मास्क पहने किसी भी इंसान को अव्वल होठों पर मेहराव दार मुस्कान लिए तक देखने को तरस कर रह जाते हैं।
अपार्टमेंट के सामने खूब चौड़ी सड़क पर जिसके दोनों ओर स्तूप की तरह नीम, अर्जुन, इमली, पीपल, गुलमोहर, अमलतास के दरख़्त हवा के साथ खुर्शीद के आलम में पैबस्त हैं जैसे गांव में यह दरख़्त निशानदेही होते थे दुआओं का सबब लिए ये दरख़्त न होते तो अरजुमंद को रूहानी खयालों की किल्लत झेलनी पड़ती! सड़क पर अपने वजूद का परचम थामे सब्जी वालों की गोहराती आवाज  कान में आते ही दिनचर्या का क्रम शुरू हो जाता। आवाजें हलकान हैं! लेकिन अपने वजूद को ठेले पर समेटे हैं! अरजुमंद थैले भर सब्जी ले लेती है लेकिन उसे बटुए से पैसे निकालने की माथापच्ची नहीं करनी पड़ती! हाथ में गुड़ी मुड़ी चपटे दो नोट वोह सब्जी वाले को हवाले कर देती हैं जिससे शायद वायरस के प्रकोप से बचने का एक मास्क भी ना आ पाएगा।
अपनी हद तक मायूस होते लोग, शहर और वायरस के इलाज की बदइंतजामी के बीच प्रकृति मरम्मत में जुटी है और मदावा जारी है। गली नुक्कड़ से दशहरी, मलिहाबादी, और चौसा कहकशां जोर पकड़ने वाली है। चुनांचे अरजुमंद को बाबा के सब्र के सबक यादों से लिपट के ताजा हो रहे हैं।
शहर से खुशियों का गौना चला गया
कोई तो आके कह दे आज सहर से करोना चला गया
मिज़ाज

Wednesday, 20 May 2020

gulafsha in lockdown4.0

                                                       ####गुलअफशा in lockdown 4.0###
महीनों की गर्द जमा बैरिकेडिंग के पार जब टोह लेने की कोई वाजिब वजह ना मिली तो रहमत अली ने खुद की टोह लेनी शुरू की और जब दसवीं के बस्ते की चटखनी खुली रह गई जिसमें गणित की बरहम प्रमेय के अलावा न्यूटन के खिंचाव के नियम के तफ्सील सबक थे। ज़र जमीन के लिए लड़े गए युद्धों का वर्णन था  और सड़क पर बाई ओर चलने का कायदा भी था। इन सब के दरमियां भी कुछ था जिसके मजमूंन का सबूत किसी किताब के स्याह पन्नों के बीच हौले हौले रिसता रहता। रहमत इस खत को कई बार गुलअफशा को देने की कोशिश की पहले एक खत फिर दूसरा खत फिर तीसरा खत और फिर कई खत लिख डाले जो रहमत ने दुनिया भर की नजर से बचा के हाथ की कोहनी से ढक कर लिखे थे और गुलअफशा को नजर किए थे। इन खतों में नौउमरी की  कितनी सारी बातें कैद ए नक्श थीं जिन्हें क़ैद ए  हयात की रिहाई मनसूब ना हुई। यह तो पता  करना बमुश्किल है कि किसके हाथ तंग थे जो न खत दे सके और न खत ले सके। कितना चाहेजाना फूट पड़ता था उन  खतों में।
कोई नहीं जानता कि कैसे उन खतों को उम्र गुजरने पर पहुंचने जैसा मुकाम कैसे हासिल होता है।
पीठ पर लदे बस्ते को उतारकर रखा है तो एक एक लफ्ज़ की रूमानियत एकदम ताजा है। वास्तव में कितना पुख्ता होता है यह सबक कि जब तक रहमत और गुलअफशा रहेंगे खतों का कारोबार चलता रहेगा। बिना कासिद के पहुंचे खतों का जवाब आपको ता उम्र मिलता रहेगा। बशर्ते आप अपने आयत में गुलअफशा की मुश्क ना़फा ढूंढ पाएं।

khud kafheel

######ख़ुद कफ़ील#####

लॉक डाउन 4.0 को
 लॉक डाउन कहना गलत होगा केंद्र व राज्य सरकारों की वैचारिकी अंतराल ने सामाजिक अंतराल के बुनियादी नियम को जैसे ताक पर रख दिया हो। सोशल मीडिया पर प्रवासी पलायन की करुण गुहार के दृश्य  आपको विचलित कर सकते हैं। आप कर्म और नियति के भेद को धुंधला - धुंधला सा महसूस कर सकते हैं। पहले और दूसरे चरण के लॉकडाउन में आवाजाही की टोह लेती राहों पर अब लाखों लोगों की आह, कराहें और बेरहम अनिश्चितता की उमस पसरी पड़ी है। इन पर कविता करना का शगल कुछ पल हमारा ध्यान भले ही खींच सकता है पर यह असर काफी नाकाफी है।
मता ए कूचा ओ बाजार के कूचे से निकले लोग जब क्वॉरेंटाइन और  इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन से बाहर निकलेंगे तो उन्हें गुजर-बसर के लिए काम की तलाश होगी और  तब उन्हें ख़ुद कफ़ील बनने की ऊर्जा से लबरेज होना होगा।
साढ़े छः लाख से भी अधिक गांव वाले देश में डेढ़ लाख से अधिक ऐसी गांव है  जिनकी आबादी 500 से अधिक लेकिन 1000 से कम है से इसकी शुरुआत करनी होगी। गांव को आत्मनिर्भर बनाना होगा उल्टे पांव लौटे कामगारों ने भले ही कोई औपचारिक प्रशिक्षण प्राप्त न किया हो लेकिन उसमें दो तरह का स्पष्ट विभाजन देखने को मिलता है पहला जिन्होंने लर्निंग बाई डूइंग से कुछ विशेषज्ञता हासिल की है मसलन कपड़े सिलना, लेदर इंडस्ट्री के कामगार, बोरिंग, रिपेयरिंग, असेंबलिंग, पैकेजिंग से जुड़े कामगार, अलग-अलग प्रकार के मैकेनिक जिन्हें बड़े शहरों के साथ पूरक के रूप में  जोड़ा जा सकता है। दूसरा जिनके पास कोई विशेषज्ञता नहीं उनके लिए भारत सरकार द्वारा पहले से ही चल रहे और प्रवास को रोकने में सक्षम मनरेगा एक बेहतर प्रतिमान स्थापित कर सकता है। राजस्थान सरकार द्वारा इस दिशा में अनवरत पर बेहतर प्रयास जारी हैं। छोटे शहरों में लौटे कामगारों के पास अवश्य ही ज्यादा चुनौतियां होंगी जहां कृषि आधारित उत्पादों की ब्रांडिंग की आवश्यकता होगी जिसमें इन अतिरेक कामगारों को आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ा जाए।
क्या क्रोनी कैपिटलिजम को सभी को समान अवसर मुहैया करायेगा?? अपनी बात और उत्पाद की  ब्रांडिंग करनी होगी जैसे गांव में काम करने वाले नाई को नाई  ठाकुर क्यों। कहां जाय ? क्योंकि उसके पास बाल काटने के अलावा किसी भी शुभ कार्य पर उसकी उपस्थिति भी शुभ मानी जाती है। मेट्रो कल्चर ने पकौडे़ और बर्गर की समानता को तिजारत के नियमों में इतना उलझा दिया कि कि दोनों अलग-अलग वर्ग का प्रतिनिधित्व करने लगे। जो सड़क गांव से शहर आई वह वापस शहर से गांव न जा सकी ।अपना गांव अपना मुकाम के मुतकल्लम के रूप में देखना होगा।वरना  1757 के तिजारत करते व्यापारी और 1990 के चाइनीज़ लाफिंग बुद्धा आपको ख़ू के आंसू न रुला दें।

Monday, 11 May 2020

##सिलिया##

अभी इक साल पहले की बात है यह गुड़िया के मेले में गोबर ने सिलिया को देखा था और कार्तिक आते -आते धान से खील निकलते ही गोबर ने सिलिया से गौना कर लिया! सिलिया की डोली जब तियरी गांव पहुंची तो गांव भर की औरतों ने नई कनिया के रूप -बखान से गोबर को तरबतर कर दिया! क्योंकि खेत का रकबा महदूद था और कुनबे का पेट भरने को काफी न था! इसलिए फागुन का रंग उतरने से पहले ही गोबर सिलिया को शहर ले आया! अभी ठेकेदार से एक ही महीने की पगार मिली थी कि शहर लाकडाउन में चला गया! जिस पेट को भरने की खातिर दोनों ईंट शहर में आए थे वह पेट को चाक करने पर आमादा था! ठेकेदार ने किसी तरह महीने भर के राशन का रहम दिखाया! वापसी की राह ने कनिया को  जीवन भर की दुश्वारियां के मुहाने पर खड़ा कर दिया! गोबर के साथ कदम से कदम मिलाना कितना जोखिम भरा हो सकता है जब सिलिया को उन दिनों में कपड़ा लगाकर पत्थर की सड़क पर चलना कितनी जलन पैदा करता है! रास्ते में ऐसी महिलाएं सिलिया का हौसला और चाल बढ़ा देती हैं जो कुछ एक पेट में किसी जान का बोझ उठाएं और कुछ इस बोझ को अपने आंचल में भर कर बार-बार महफूज़ करती हैं! ये महिलाएं मानवता की सबसे कठिन उल्टे पांव प्रवास पर हैं! उल्टे पांव चलना कितना दुष्कर होता है जब आप साफ-साफ कुछ नहीं देख सकते! राहें, रोटी, रहम सब अनिश्चित हो!  यह महिलाएं वह है जिनके कमरे में आईने नहीं होते इसलिए यह शायद ही कभी "सी" बन पायें! और शायद महरूम रह जाएं कि किसी स्याही  के रंग को गुलाबी कर पाएं या किसी कैमरे के लेंस की नजर इन पर पड़े और वह चटक जाए!

लॉकडाउन के चलते भारत में अनौपचारिक क्षेत्र में 40 करोड़ लोगों की गरीबी और बढ़ जाने का खतरा है

बशर को लगी
आखिर किसकी नजरिया 
आओ 
मिलाकर खिसकायें इस जहां-भर
की धुरिया
जैसे फिर से आये
गांव में कोई कनिया
सभी लोग पहुंचे
फिर गंगा, नहाये
सुबह से शाम तक
घर का रास्ता दिखाए


मिज़ाज
!

Sunday, 10 May 2020

unlock

###महदूद###

वो दो ही थे! कई दिनों से तन्हाई की सफेद चादर में पैबस्त शहर में ‌ वायरस का डर हर उस चीज से  घर में दाखिल होता जो रोजाना इस्तेमाल की होती और इस तरह बाहर के दरवाजे से होता हुआ डर अलमारी के दराजों में खौफ लिये समा जाता !अंदर के डर को पार पाने का कोई वसीला न पाते इसलिए बातों को जरिया करते इन बातों में रोजमर्रा की उलट-पुलट से ज्यादा ख्वाबों की बातें होतीं!

उन्होंने सोचा अपनी पीढ़ी के इस गैर तजुर्बा वाली त्रासदी का मुकाबला करने के लिए कुछ तसव्वुरात को मन मस्तिष्क पर उसी तरह मढ़ लिया जाए जैसे ढोल पर खाल होती है लेकिन जब गिट्टी की सड़कों पर कामगारों के हाथ और पैर के  नक्श जब उस ढोल पर पड़ते तो ढोल बेसुरा होने में ज्यादा वक्त न लगता !

वायरस का खौफ तनहाई का एक ऐसा अंतहीन सिलसिला जान पड़ता कि कई बार तो बातें करते दो साया  एक दूसरे को इतना नजदीक पाते जितना कभी मिलने पर भी नदारद रहे हों! बस एक दूसरे का चेहरा छू ही लेते अगर मोबाइल की स्क्रीन आड़े न आती और भ्रम ना टूटता ! जिंदगी में बस इतनी रूमानियत बाकी थी एक खूबसूरत चेहरे एहसास की सांसों में भरा रहता ! हरचंद इस त्रासदी ने सबको एक तन्हाई के अनुशासन से भर दिया जान पड़ता है!

एकाकी घर, ठहरी हुई राहें, बे -हरकत, और बेखुद मंजर, तन्हाई से भरी मौत का कोहराम त्रासदी की अंतहीन वेदना है!

तुम आ क्यों नहीं जाते
होंठों पे कोई हसीं साज लेकर
बहुत वक्त गुजरा
इस शहर को रूठे हुए
मिज़ाज
Photo credit by BBC

Friday, 8 May 2020

###थोड़ी- थोड़ी जैसी मां###

उसने जैसे ही घर की दहलीज़ पार की मां रोने लगी! मां का आशीष ले आगे बढ़ा लेकिन बंधी डोर गौशाला की गाय की तरह जब तक खूंटे से बंधी रही उसने अपने को दुआआें के हिसार में महफूज पाया! लेकिन जब पतंग आसमान छूने लगी तो उत्साह भी बढ़ने लगा अचानक से ताली बजाते बजाते पतंग की डोर ढीली पढ़ने लगी मां को शिकन महसूस हुई लेकिन बसर की खातिर उसने अपनी नब्ज की टोह तक न दी!एक दिन आसमान में रंग बिरंगी पतंगों के साये से बेखबर अचानक से वो डोर के जाल में अपनी डोर भुला बैठी! दहलीज पार करने वाले कोअब कोई तरकीब न आती कि डोर का सिरा फिर से जोड़ पाता! लिहाजा आसमान में हर रंग में वो थोड़ी थोड़ी  मां तलाशता रहता है!

वो साथी थी
फिर दोस्त हुई
फिर थोड़ी थोड़ी सकुचाई
मैं देख बलायें सौ उसकी
जो पलक नज़र में छा जाती
वो कैसे-कैसे सिखलाती
जीवन के सुर सा गाती वो
उसके मन में है प्रीत जमा
थोड़ा सा मुझ पर बरसाती
वो अम्मा है गुंइयां जैसी
बातों बातों में बतलाती
गहवारा उसका आयत की तरह
है उसकी जितनी काया
उतनी छाया जैसी मां
मन मेरा चहक उठा
जब पाया उसमें थोड़ी -थोड़ी मां


मिज़ाज
मां दिवस पर

Thursday, 7 May 2020

लॉक डाउन डायरी3.0
यह एक अंतहीन का लॉकडाउन तीसरा चरण है! नैसर्गिक मौसम के अलावा ऐसा कुछ भी नहीं है जो अपनी रूमानियत में बेफिक्री के आलम समेटे हुए हैं! शहर में गली के नुक्कड़ पर लोग नजर भर का एहसास कराते हैं कि शहर के हालात काबू में हैं! लेकिन अगले ही पल सायरन की आवाज कान के पर्दों को चीरती हुई सीने में समा जाती है और नुक्कड़ की भीड़ गली में वापस सिमट जाती है! बेकाबू हालात से निजात का कोई वसीला नज़र नहीं आता! प्रवास का चक्र पूरा होता दिख रहा है! काम और भूख से बेजार लोग बैरंग लौट रहे हैं! शहर के इंतज़ाम से वाकिफ़ तक नहीं कि एक थर्मल स्कैनिंग उन्हें गांव की देहरी से फिर चौदह दिन के अज्ञातवास में महदूद कर देती है! जब सीने की धड़कन और माथे पर शिकन की लकीरें एक हो जाए तो आदमी कितना बदहवास हो जाता है!
अभी कुछ समय पहले भूगोल के मायने किसी आले पर रखें थे ! आज आज वही रास्ता इतना थकान भरा है की एक पीढ़ी का इतिहास बदल रहा है!क्या हमने जो विकास के मायने तय किए थे उनकी यही परिणिति होनी थी एक-एक सांस के लिए लाचार आदमी!
माना कि ये वो, वक्त नहीं जब बाहर की नैसर्गिक हवा टूयूबरकलासिस के लिये मुफीद कही जा सके! मौजूदा आलम यह है कि हवा और हमारी सांस के बीच एन- ९५ मास्क का फासला है! सामाजिक अंतराल किसी दिलासे को शंका और एकाकी पन से भर देता है!इसी कशमकश से भरी जद्दोजहद से पार पाने का एक ही सिला है कि आसमां की ओर निहारना एक शिशु की तरह, सूरज,चांद , नक्षत्र, से फिर से दोस्ती गांठ लें!आखिर ब्रह्मांड में हम अकेले जो नहीं हैं! ठीक उसी तरह जब वक्त की बेशुमारी, रात के अंधेरे साये में चांद की टोह देही जाता है,और मन में घूम जाता वो वक्त जिससे हम पीछा छुड़ाकर कितनी दूर निकल गये! जब पुलिया पर बैठे दो गुंइया रात - भर तारे गिनते ! तब चांद हमारा तसव्वुर भी था और हमारा इशकिया भी! आज फिर किसी ने बादल से घिरे चंदरकला की तसवीरें भेंजकर मुझे मेरे हिस्से का तसव्वुर मुझे सुपुर्द कर दिया और सहसा याद दिला दी उन दिनों की बात जब ननिहाल से लौटते वक्त बच्चों की मां को नानी विदाई के समय हाथ में पुचकार कर मीठा देती और एक बड़ा नोट मां के हाथ में रख देती और कहती कि इसे बच्चों में बांट देना ! हम चार बच्चे थे घर आने पर हम सबके हिस्से में 10 -10 रुपए आते और हम उससे अपने हिस्से का कुछ भी खा पी सकते थे! उन बादलों से घिरे चांद की तस्वीर को देखकर यही लगा! चांद ने आज भी वही पुलिया वाला साथ निभाया हमने ही उसे अकेला छोड़ दिया था!
जिस्म का आइसोलेशन ,जिस्म का लॉकडाउन नहीं
फिर भी हो वस्ल की बात, यह माजरा क्या है
मिजाज

####ईदी####

####ईदी#### उस देसी आम के बगीचे में हर दरख़्त का अपना नाम था ये नाम उसे उस में लगने वाले फल के रंग रोगन और आकार के कारण मिला करता था। ...